रामनगर (नैनीताल), 23 अप्रैल।
कोसी कैफे होमस्टे प्रकरण में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए होमस्टे के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि संबंधित होमस्टे को सीज कर उसके लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति भी भेज दी गई है। मामला नाबालिगों से जुड़े गंभीर अपराधों से संबंधित है, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना रामनगर क्षेत्र के कानिया स्थित कोसी कैफे होमस्टे से जुड़े प्रकरण में 18 अप्रैल 2026 को सूचना मिलने के बाद एफआईआर संख्या 115/2026 और 116/2026 दर्ज की गई थी। प्रारंभ में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर नाबालिगों की तलाश शुरू की गई, लेकिन जांच के दौरान मामला गंभीर आपराधिक धाराओं में परिवर्तित हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों नाबालिगों को उक्त होमस्टे के कमरों से बरामद किया। इसके बाद प्रकरण में बीएनएस की धारा 137(2), 64(1), 65(1) और पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई। मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया।
विवेचना में सामने आया कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी (निवासी अल्मोड़ा) ने न केवल नाबालिगों के ठहरने की जानकारी दर्ज नहीं की, बल्कि उनकी पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं लिए। जांच के दौरान होमस्टे के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया होमस्टे का उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित होमस्टे को सीज कर दिया है और उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने के लिए जिला पर्यटन अधिकारी को संस्तुति भेज दी है। बताया जा रहा है कि होमस्टे का पंजीकरण पर्यटन विभाग से हुआ था और वर्तमान में इसका संचालन मोहम्मद अदनान द्वारा किया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




