देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में फिलहाल तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान मैदानी इलाकों में सामान्य से नीचे और पहाड़ों में सामान्य से अधिक रहा।
पिछले 24 घंटों में हरिद्वार के रुड़की में सबसे अधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि टिहरी के रानीचौरी में न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4-5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राहत की बात यह है कि प्रदेश में फिलहाल हीटवेव को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
फिलहाल राहत के संकेत नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। यदि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता है तो आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे हीट वेव का खतरा और गहरा सकता है।




