चम्पावत Uttarakhand city news
अब नहीं होगी बिजली की समस्या: टनकपुर–बनबसा में ₹150 करोड़ की मेगा परियोजना
टनकपुर–बनबसा को मिलेगा 24×7 बिजली का भरोसा: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की ₹150 करोड़ की परियोजना प्रगति पर
नेपाल सीमा से सटे टनकपुर–बनबसा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचना परियोजना का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या – 646/2023 के अंतर्गत ₹150.40 करोड़ की लागत से 220/33 के.वी. जी.आई.एस. (गैस इंसुलेटेड सब-स्टेशन) उपसंस्थान की स्थापना का कार्य प्रगति पर है, जो क्षेत्र की वर्षों पुरानी विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्ण होने के पश्चात टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में प्रत्येक घर तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से लो वोल्टेज की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी राहत प्राप्त होगी।
परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि इससे एसएसबी तथा सेना को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी, जिससे सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इसके अतिरिक्त, विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति के चलते क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के नए अवसर विकसित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
नियोजन विभाग की तकनीकी सलाहकार समिति (टी.ए.सी.) द्वारा इस परियोजना की औचित्यपूर्णता को स्वीकार करते हुए ₹150.40 करोड़ की लागत को स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही, प्रारंभिक कार्यों के संचालन हेतु घोषणा मद से ₹3.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
बनबसा स्थित इस 220/33 के.वी. जी.आई.एस. उपसंस्थान की भौतिक प्रगति वर्तमान में लगभग 25 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। परियोजना हेतु आवश्यक जी.आई.एस. उपकरणों की आपूर्ति पूर्व में ही सुनिश्चित कर ली गई है, जिससे कार्य में तीव्रता बनी हुई है।
वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए पावर ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड (पिटकुल) द्वारा ₹6.02 करोड़ की धनराशि वन विभाग को जमा कराई जा चुकी है, जो परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके समानांतर, 220 के.वी. टनकपुर–सी.बी. गंज लिलो लाइन (Line In Line Out) का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जो इस उपसंस्थान को मुख्य ग्रिड से जोड़कर विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता को और सुदृढ़ करेगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने पर न केवल टनकपुर–बनबसा क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति में व्यापक सुधार होगा, बल्कि यह सीमांत जनपद चम्पावत के समग्र विकास, औद्योगिक विस्तार एवं जनजीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय परिवर्तन लाने का आधार भी बनेगा।




