उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(हल्द्वानी) शादी सीजन प्रारंभ,जनपद में नए नोटों की कालाबाजारी पर सख्ती, डीएम ने गठित किए विशेष जांच दल ।।

जनपद में नए नोटों की कालाबाजारी पर सख्ती, डीएम ने गठित किए विशेष जांच दल

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में वैवाहिक सीजन (सहालग) के चलते ₹10 और ₹20 के नए नोटों की कथित कालाबाजारी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दलों का गठन किया गया है, जो बाजार और बैंकिंग व्यवस्था दोनों पर पैनी नजर रखेंगे।
जानकारी के अनुसार, शादी-ब्याह के मौसम में छोटे मूल्य वर्ग के नए नोटों की मांग अचानक बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ तत्व कृत्रिम कमी पैदा कर इन नोटों को दुगने दामों पर बेच रहे हैं। इस तरह की शिकायतें सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच अभियान शुरू कर दिया है।
जिले के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) अमित वाजपेयी ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा गठित टीमों को विभिन्न बैंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह टीमें यह भी जांचेंगी कि कहीं बैंक स्तर पर नोटों की आपूर्ति में कोई गड़बड़ी या जानबूझकर कमी तो नहीं की जा रही। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी में संलिप्तता पाई जाती है, तो संबंधित बैंक या व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इसके साथ ही जांच दल बाजारों में वैवाहिक सामग्री बेचने वाली दुकानों पर भी नजर रखेंगे, जहां नए नोटों की बिक्री की शिकायतें मिली हैं। औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई दुकानदार या एजेंट नोटों को अधिक कीमत पर बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी नए नोटों की कालाबाजारी या ओवररेटिंग की जानकारी मिले, तो तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बाजार में पारदर्शिता बनाए रखना और आम लोगों को ठगी से बचाना है।

To Top