uttarakhand city news Haldwani
हल्द्वानी
कल आयोजित की गई जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री खजान दास की मौजूदगी में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत द्वारा दिए गए बयान को लेकर उत्पन्न भ्रम पर अब स्वयं विधायक ने मीडिया में बयान जारी करते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है।
उन्होंने कहा कि उनके कथन “मैं बता नहीं सकता, 2027 मुश्किल हो जाएगा” को कुछ लोगों द्वारा गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर पार्टी और सरकार की छवि कमजोर दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि उनका आशय बिल्कुल अलग था।
विधायक भगत ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों के आधार पर पुनः विजय हासिल करेगी और नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा मोदी जी का नेतृत्व उत्तराखंड को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।उनकी दूरदर्शी सोच से चार धाम ऑल-वेदर रोड, रेल परियोजनाएं और बॉर्डर कनेक्टिविटी जैसी बड़ी योजनाएं तेजी से पूरी हो रही हैं, जिससे देवभूमि की पहचान मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को लेकर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई थी। शहर में लंबे समय से सड़कों के खोदे जाने और समय पर पुनर्निर्माण न होने के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों का धैर्य टूटता जा रहा है।
भगत ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन यदि अधिकारियों की लापरवाही बनी रही तो इन कार्यों का अपेक्षित लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाएगा और इसका नकारात्मक असर चुनावों में देखने को मिल सकता है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नई पाइपलाइन, ट्यूबवेल, सीवर लाइन और गैस पाइपलाइन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के चलते अधिकांश सड़कों को खोदा गया है। कई स्थानों पर पुनर्निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता है।
विधायक ने विभागों के बीच समन्वय की कमी को आम जनता की परेशानी का मुख्य कारण बताते हुए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और स्पष्ट संकेत दिया कि 2027 में इसकी जवाबदेही तय होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि उनके बयान को पार्टी या सरकार की कमजोरी के रूप में प्रस्तुत करना गलत है। जो लोग ऐसा मानते हैं, उन्हें वास्तविकता समझने की आवश्यकता है और आने वाले चुनाव परिणाम स्वयं सच्चाई को स्पष्ट कर देंगे।




