उत्तराखण्ड

अक्षय तृतीया(उतराखंड) विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, विधिवत चार धाम यात्रा का शुभारंभ।।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शनार्थ खुले यमुनोत्री धाम के कपाट
बड़कोट।


अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। शुभ लग्नानुसार दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर कपाटोद्घाटन हुआ, जिसके साथ ही ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ भी हो गया। कपाट खुलने के बाद अब आगामी छह माह तक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।
अक्षय तृतीया के अवसर पर सुबह मां यमुना की शीतकालीन गद्दी स्थल खुशीमठ (खरसाली) से पारंपरिक विधि-विधान के साथ डोली यात्रा प्रारंभ हुई। शनिदेव की डोली की अगुवाई में सुबह साढ़े आठ बजे मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने भव्य ढंग से मां यमुना को विदाई दी। पूरे यमुनोत्री धाम क्षेत्र पारंपरिक वाद्य यंत्रों व आईटीबीपी देहरादून के बैंड की धुन से गुंजायमान रहा तथा मां यमुना के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
खुशीमठ से प्रस्थान करने के बाद डोली यात्रा यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां हवन-पूजन एवं विधिवत अनुष्ठान संपन्न किए गए। इसके पश्चात शुभ मुहूर्त में दोपहर 12:35 बजे परंपरा अनुसार कपाट खोल दिए गए। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कपाट खुलने के साथ ही यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है और पूरे क्षेत्र में आस्था व उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इस मौके पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जाधारी रामसुंदर नौटियाल, ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजबीन पंवार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, यमुनोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष/एसडीएम बृजेश तिवारी, सचिव सुनील उनियाल, प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, सीओ चंचल शर्मा, एसएचओ सुभाषचंद्र, एसओ पुरोला दीपक कठैत, मनमोहन उनियाल, रणबीर राणा, चैन सिंह प्यारे लाल गिरीश उनियाल, आशुतोष, अनोज आदि सैकड़ों में श्रद्धालु शामिल रहे।

To Top