Uttarakhand city news Pithoragarh
एआरटीओ की सख्ती: फर्जी लाइसेंस पर चल रही यूपी की पिकअप सीज, ₹19,000 का जुर्माना
परिवहन विभाग पिथौरागढ़ के प्रवर्तन दल ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर संचालित वाहन को सीज कर बड़ी सफलता हासिल की है। नियमित जांच अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में चालक पर ₹19,000 का जुर्माना भी लगाया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी शिवांश कांडपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार तड़के दल द्वारा घाट–पिथौरागढ़ हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पिथौरागढ़ की ओर आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक पिकअप को रोका गया।
जांच के दौरान चालक ने मोबाइल फोन में डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत किया। प्रारंभिक जांच में लाइसेंस में दर्ज जन्मतिथि जनवरी 1995 पाई गई, जबकि चालक की वास्तविक आयु लगभग 45–50 वर्ष प्रतीत हो रही थी। संदेह होने पर आधार कार्ड से मिलान किया गया, जिसमें नाम, पता और जन्मतिथि में स्पष्ट अंतर सामने आया। इससे लाइसेंस के फर्जी होने की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन दल ने तत्काल वाहन को सीज कर दिया तथा चालक के विरुद्ध ₹19,000 का चालान किया गया। साथ ही संबंधित उत्तर प्रदेश एआरटीओ कार्यालय को सूचित करते हुए लाइसेंस के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्राचार किया गया है।
दो दिन पूर्व हुई कार्रवाई: ट्रक सीज, ₹20,000 जुर्माना
दो दिन पूर्व रात्रि चेकिंग के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया, जिसमें ट्रक चालक द्वारा फर्जी तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी शिवांश कांडपाल ने बताया कि रात्रि चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका गया, जहां चालक ने मोबाइल फोन में ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया। लाइसेंस की सत्यता पर संदेह होने पर प्रवर्तन दल द्वारा गहन जांच की गई।
जांच में पाया गया कि चालक किसी अन्य व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस दिखाकर वाहन का संचालन कर रहा था तथा पूछताछ के दौरान भ्रामक जानकारी दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत तत्काल कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन दल ने ट्रक को सीज कर दिया तथा चालक पर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया।
कांडपाल ने बताया कि विवाह सीजन एवं आगामी आदि कैलाश यात्रा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ओवरलोडिंग, नशे में वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
साथ ही, उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वैध दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।




