रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत
रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 11:54 बजे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (State Disaster Response Force) को सूचना मिली कि वाहन संख्या UK 13 TA 1991 भीरी से औरिंग की ओर जाते समय अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है।
सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन गहरी खाई में क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पता चला कि कार में कुल तीन लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। SDRF टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए अब तक एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
नवीन सिंह (30 वर्ष), निवासी औरिंग, रुद्रप्रयाग
अमित सिंह (35 वर्ष), निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
अंशुल (28 वर्ष), निवासी सुरसाल, रुद्रप्रयाग
स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।




