गुमशुदगी का सनसनीखेज खुलासा: युवक की हत्या कर खाई में फेंका, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल, 30 अप्रैल 2026:
जनपद नैनीताल में गुमशुदगी का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को भावेश पाण्डे, जनरल मैनेजर, शौर्य रिसोर्ट भुजियाघाट तल्लीताल ने थाना तल्लीताल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके होटल में कार्यरत कर्मचारी दिनेश चन्द्र उपाध्याय (33) 22 अप्रैल को एक दिन की छुट्टी लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों से संपर्क करने पर भी उसके घर न पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद से व्यापक सर्च अभियान चलाया। साथ ही, घटना के दिन साथ मौजूद लोगों से पूछताछ और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घटना वाले दिन आरोपियों ने भारी मात्रा में शराब का सेवन किया था। पूछताछ में मुख्य आरोपी कमल सिंह बिष्ट (23) ने कबूल किया कि विवाद के बाद उसने साथियों के साथ मिलकर दिनेश उपाध्याय को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने 29 अप्रैल 2026 को आरोपी कमल सिंह बिष्ट को बीएनएस-2023 की धारा 103/238 के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




