उत्तराखण्ड

(बड़ी खबर )बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम,हमारा अधिकार हमारा स्वाभिमान” के तहत अब यह अभिनव पहल, जन जागरूकता का बड़ा अभियान।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग तेज, 4 से 6 मई तक होगा तीन दिवसीय कार्यक्रम
बिंदुखत्ता,
“हमारा अधिकार – हमारा स्वाभिमान” के नारे के साथ बिंदुखत्ता क्षेत्र में राजस्व ग्राम की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। वन अधिकार संगठन एवं वन अधिकार समिति बिंदुखत्ता के तत्वावधान में दिनांक 4, 5 एवं 6 मई 2026 को तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को संगठित करना है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वन अधिकार अधिनियम 2006 की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए तीन प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्लोगन लेखन, निबंध लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिता शामिल हैं। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को बिंदुखत्ता के राजस्व ग्राम बनने से संबंधित नारे लिखने होंगे, जबकि निबंध प्रतियोगिता में वनाधिकार कानून एवं राजस्व ग्राम की आवश्यकता पर विचार प्रस्तुत करने होंगे। पोस्टर प्रतियोगिता में संघर्ष और अधिकार से जुड़े रचनात्मक चित्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी मौलिक एवं स्वरचित रचनाएं दिनांक 3 मई 2026 (रविवार) तक अपने नाम, मोबाइल नंबर एवं पते सहित वन अधिकार समिति बिंदुखत्ता में जमा कर दें।
समिति द्वारा जानकारी दी गई है कि तीनों श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों में से प्रत्येक वर्ग में 5-5 प्रतिभागियों को 6 मई को पुरस्कृत किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपने अधिकारों के लिए एकजुट हों।
“आओ मिलकर अपना हक पाएं, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाएं” के संदेश के साथ इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

To Top