चम्पावत 19 अप्रैल
गुलदार की खाल के साथ युवक गिरफ्तार, संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 अप्रैल 2026 को एसओजी, पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद चम्पावत के रीठा साहिब क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। टीम द्वारा एक युवक को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भिंगराडा वन क्षेत्र अंतर्गत चैड़ामेहता लीसा डिपो के समीप, थाना रीठा साहिब क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अभियुक्त दीपक सिंह बोहरा (28 वर्ष), निवासी ग्राम गागरी, पोस्ट चैड़ामेहता, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से गुलदार (तेंदुआ) की खाल बरामद हुई, जिसकी लंबाई लगभग 120 सेमी पाई गई।
प्राथमिक पूछताछ में अभियुक्त द्वारा उक्त खाल को बेचने के उद्देश्य से लोहाघाट ले जाए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है।
वन क्षेत्राधिकारी, भिंगराडा ने बताया कि बरामद खाल को नियमानुसार मौके पर ही सील कर सुरक्षित किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध यथासंशोधित वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर उसे विधिक कार्यवाही हेतु हिरासत में ले लिया गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




