उत्तराखण्ड

(बड़ी खबर)हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पनीर समेत कई नमूने जांच को भेजे ।।

हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पनीर समेत कई नमूने जांच को भेजे
हल्द्वानी, 27 अप्रैल। गर्मी के मौसम में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को शहर में विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर की गई।
अभियान के तहत विभागीय टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और चौपाटियों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों और ठेलों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर कमी पाए जाने पर विक्रेताओं को सख्त निर्देश देते हुए साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए टीम ने पनीर के दो नमूने, गेहूं का आटा और सोयाबीन रिफाइंड तेल के नमूने विधिवत संकलित किए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियमावली 2011 के तहत दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।

To Top