जनपद पौड़ी गढ़वाल विकासखंड पाबौ स्थित ग्राम नाई की 22 वर्षीय मानसी रतूड़ी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गई है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। पहाड़ की इस बेटी की सफलता से पूरे राठ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
गुरुवार को जनपद पौड़ी के विकास खंड पाबौ स्थित नाई गांव की मानसी रतूड़ी सेना में अफसर बन गई हैं। कोलकाता में हुई पासिंग आउट परेड के बाद वह अब भारतीय सेना का अभिन्न अंग बन गई हैं। उन्हें सेना में लेफ्टिनेंट पद मिला है।
मानसी ने एसजीआरआर स्कूल पैठाणी से हाईस्कूल और एसजीआरआर स्कूल पटेलनगर देहरादून से इंटर किया। इसके बाद कड़ी मेहनत और लगन के बल उसका चयन सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (MNS) में हुआ।
कोलकाता से प्रशिक्षण प्राप्त कर पासिंग आउट परेड के बाद मानसी ने सेना में लेफ्टिनेंट पद हासिल किया। सीमित संसाधनों के बावजूद मानसी ने अपने लक्ष्य को हासिल कर युवाओं के लिए एक प्रेरणा पुंज बनकर उभरी है।
मानसी के पिता राजेश रतूड़ी जूनियर हाईस्कूल जाख में सहायक अध्यापक हैं। माता उमा देवी गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि मानसी बचपन से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित रही है। उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित है।
गांव की युवा प्रधान यामिका रतूड़ी सहित क्षेत्र के लोगों ने मानसी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसी की यह सफलता पहाड़ की बेटियों के लिए एक मिसाल बनेगी।
एसजीआरआर स्कूल पैठाणी के प्रधानाचार्य जगदीश बिष्ट, शिक्षक मनोज रौथाण, रविंद्र सिंह, मुकेश रतूड़ी, उमेश नेगी, अनूप पंवार, सुषमा देवी, सुबोधनी रतूड़ी आदि ने छात्रा की उपलब्धि पर उन्हें व परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि बीते एक माह पूर्व स्कूल का छात्र आदित्य कंडारी भी सेना लेफ्टिनेंट बन चुका है।




