उत्तराखण्ड

(बड़ी खबर)उत्तराखंड एसटीएफ की कार्रवाई, हत्यारोपी गिरफ्तार ।।

मथुरा से 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, STF–सितारगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
देहरादून/सितारगंज, 24 अप्रैल 2026:
उत्तराखण्ड एसटीएफ और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उत्तराखण्ड व उत्तर प्रदेश में अपनी पहचान छिपाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चेतन सिंह बिष्ट (34 वर्ष) निवासी कालीनगर, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है। वह कोतवाली सितारगंज में दर्ज हत्या के प्रयास और लूट के एक मामले में वांछित था।
बताया गया कि फरवरी 2025 में चेतन बिष्ट ने अपने साथियों के साथ मिलकर सितारगंज क्षेत्र में एक परचून की दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान बदमाशों ने दुकान के गल्ले से नकदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध करने पर दुकानदार के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चेतन बिष्ट तब से फरार चल रहा था।
एसटीएफ को तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने मथुरा रेलवे स्टेशन पर दबिश देकर आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नाम और पहचान बदलकर छिपता रहा और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ नैनीताल जनपद में पहले से चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत की गई है, जो मुख्यमंत्री के अपराध मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प के अनुरूप चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

To Top