नैनीताल पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, 16 लाख से अधिक की स्मैक के साथ एक गिरफ्तार
जनवरी से अब तक 4.15 करोड़ की स्मैक बरामद, 25 तस्कर भेजे जा चुके जेल
हल्द्वानी, 19 अप्रैल। “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को लगभग 16 लाख 44 हजार रुपये कीमत की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 54.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 अप्रैल को चेकिंग के दौरान कुंवरपुर बाईपास से गौलानदी जाने वाले कच्चे रास्ते, गौलापुल काठगोदाम के पास संदिग्ध को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से स्मैक बरामद होने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी दिलशाद (34) निवासी बनभूलपुरा के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को इज्जतनगर, बरेली से खरीदकर लाया था।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशा तस्करों के खिलाफ 20 मामले दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान कुल 1 किलो 385 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 15 लाख 60 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।




