चारधाम यात्रा का शुभारंभ आज, गंगोत्री धाम में कपाट खुलने की तैयारियां तेज
उत्तरकाशी, 19 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखण्ड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा आज से विधिवत प्रारंभ हो रही है। प्राचीन भैरव मंदिर, भैरवघाटी से मां गंगा की पवित्र डोली गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान कर चुकी है, जबकि मां यमुना की डोली भी खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हो गई है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हर्षिल हैलीपेड पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में गंगोत्री धाम में आयोजित कपाट उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मां गंगा की डोली के धाम पहुंचते ही विधि-विधान के साथ कपाट खोले जाएंगे, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
चारधाम यात्रा के आरंभ के साथ ही प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है, वहीं देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो चुका है।




