उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(हल्द्वानी) जजी कोर्ट परिसर में बार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न ।।

हल्द्वानी जजी कोर्ट परिसर में बार एसोसिएशन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
हल्द्वानी। जजी कोर्ट परिसर में हल्द्वानी बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही गरिमामय एवं भव्य तरीके से आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला जज प्रशांत जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
समारोह के दौरान सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में बार और बेंच की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब अधिवक्ता और न्यायपालिका आपसी समन्वय, सम्मान और सहयोग के साथ कार्य करते हैं, तभी आमजन को समयबद्ध और सुलभ न्याय मिल पाता है। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाने पर जोर दिया।
बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिले भारी जनसमर्थन के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अधिवक्ताओं के सम्मान और बार के हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे न्यायालय की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। साथ ही लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण हेतु बार और बेंच के बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया गया।
समारोह में यह संकल्प भी लिया गया कि न्यायालय परिसर में अनुशासन, पारदर्शिता और सकारात्मक वातावरण बनाए रखा जाएगा तथा वादकारियों को बेहतर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे न्यायपालिका के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बार काउंसिल सदस्य डी.के. शर्मा, मेहरमान सिंह कोरंगा, दिवाकर पांडे, राजन सिंह मेहरा, चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विभिन्न बार एसोसिएशनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

To Top