उत्तराखण्ड

बड़ी खबर (लालकुआं) विद्युत की कटौती से आमजन परेशान, कांग्रेस का ज्ञापन ।।

लालकुआँ में अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पावर हाउस का घेराव
लालकुआँ। क्षेत्र में हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और सभासदों में भारी रोष देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने विद्युत विभाग के उपकेंद्र (पावर हाउस) पर पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान एसडीओ के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र कुमार भट्ट को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही कटौती से बच्चों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति और खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब बताई गई, जहां गेहूं की कटाई के दौरान सुबह से शाम तक बिजली काटी जा रही है, जबकि कुछ इलाकों में सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रहती है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि जर्जर विद्युत तारों के कारण बार-बार आपूर्ति बाधित हो रही है और विभाग ने गर्मी के मौसम से पहले आवश्यक तैयारियां नहीं कीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अघोषित कटौती पर जल्द रोक नहीं लगी तो कांग्रेस कमेटी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
वहीं, सहायक अभियंता विद्युत वितरण, लालकुआँ, नीरज कुमार आर्य ने बताया कि गर्मी के मौसम में विद्युत उत्पादन में कमी के चलते ऋषिकेश कंट्रोल रूम से कटौती की जा रही है, जिससे यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि इसका अधिक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ रहा है, लेकिन विभाग कटौती कम करने के प्रयास कर रहा है।।

To Top