पिथौरागढ़ -:मौसम चेतावनी के दृष्टिगत सतर्कता बरतने के निर्देश, सभी विभाग हाई अलर्ट पर रहें
अपर जिलाधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह ने अवगत कराया है कि राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून से प्राप्त सूचना तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 28 अप्रैल 2026 को जनपद पिथौरागढ़ सहित राज्य के अन्य जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 कि.मी./घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इस संबंध में मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि संभावित प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए शासन द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिला अधिकारी ने निर्देशित किया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा बरसात की अवधि में ट्रेकिंग की अनुमति न दी जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने स्तर पर पूर्ण सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करें।
उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े समस्त अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ सहित अन्य कार्यदायी संस्थाएं मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी।
अपर जिला अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहेंगे। साथ ही सभी थाना एवं चौकी स्तर पर आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट बनाए रखा जाएगा। इस अवधि में किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारीगण अपने वाहनों में आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट आदि उपलब्ध रखें। यदि कहीं लोग फंसने की स्थिति उत्पन्न होती है तो उनके लिए खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सावधानी बरती जाएगी तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर नियंत्रण रखा जाएगा। नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में जल निकासी हेतु नालियों एवं कलवर्टों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ के मोबाइल नंबर 8449305857, 8218857220, दूरभाष नंबर 05964-226326, 228050 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।




