हरिद्वार पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टली, कर्नाटक से नाबालिग सकुशल बरामद
पड़ोसी महिला बहला-फुसलाकर ले गई थी, भीख मंगवाने व गलत काम में धकेलने की थी साजिश
रुड़की/हरिद्वार, 19 अप्रैल। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी महिला बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी और उसे भीख मंगवाने व गलत कार्यों में धकेलने की साजिश रच रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक देहात और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में थाना पिरान कलियर पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को मुकर्बपुर कलियर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को पड़ोस में रहने वाली महिला कपड़े दिलाने के बहाने 9 अप्रैल को अपने साथ ले गई, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। इस पर थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले बच्ची को रुड़की से सहारनपुर ले गई, जहां उसका फोन बंद करवा दिया गया। इसके बाद उसे ट्रेन से दिल्ली होते हुए कर्नाटक ले जाया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्ची से भीख मंगवाने और उसे गलत कार्यों में धकेलने की योजना बना रही थी।
बताया जा रहा है कि पीड़िता का परिवार अत्यंत गरीब है और उसकी मां बीमारी के कारण काम नहीं कर पाती। ऐसे में बच्ची के सकुशल मिलने पर मां की आंखों में खुशी के आंसू लौट आए।
इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने भी हरिद्वार पुलिस की तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते एक बड़ी घटना टल गई




