Uttarakhand city news Pithoragarh
भारत-नेपाल मैत्री पुल का डीएम ने किया निरीक्षण, मई तक पूर्ण होने की संभावना
जिलाधिकारी श्री आशीष भटगाईं द्वारा आज धारचूला क्षेत्र के छारछुम स्थित भारत-नेपाल मैत्री पुल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन की स्थिति तथा संबंधित व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इस महत्वपूर्ण पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए तथा आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं निगरानी प्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां विशेष सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 32.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन यह पुल लगभग पूर्ण हो चुका है। नेपाल की ओर एप्रोच मार्ग का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है तथा शेष कार्य मई माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुल के पूर्ण होने के उपरांत यहां सशस्त्र सीमा बल (SSB), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) तथा लैंड कस्टम स्टेशन के चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संभावित स्थलों का निरीक्षण कर चेक पोस्ट स्थापना हेतु उपयुक्त स्थानों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।




