उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(हल्द्वानी)भालू के हमले में वन गुर्जर की मौत, वन विभाग ने शुरू की तलाश ।।

भालू के हमले में वन गुर्जर की मौत, वन विभाग ने शुरू की तलाश
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग के किशनपुर वन क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में मवेशी की तलाश में गए वन गुर्जर की भालू के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद आरिफ (पुत्र मोहम्मद ताहिर), निवासी रैखाल खत्ता, जिला नैनीताल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे आरिफ अपने मवेशी को खोजने के लिए जंगल में गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही किशनपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी घनानन्द चनियाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और परिजनों ने संयुक्त रूप से सघन खोज अभियान शुरू किया।
खोजबीन के दौरान रुद्रपुर बीट के प्लॉट संख्या 5 और 9 के बीच स्थित फायर लाइन में आरिफ का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति अत्यंत गंभीर थी—कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर गहरे खरोंच व नोचने के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि भालू के हमले में उसकी मौत हुई है।
घटना के बाद 26 अप्रैल को प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बांगरी, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल कुमार जोशी एवं अन्य अधिकारियों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाने, पिंजरे की व्यवस्था करने तथा ड्रोन के जरिए भालू की तलाश तेज करने के निर्देश दिए।
वन विभाग ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए पहले से ही आसपास के ग्रामीणों और खत्ता निवासियों को जंगल में न जाने के लिए मुनादी के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंतित हैं।

To Top