उत्तराखण्ड

पेंशन अपडेट के नाम पर 10 लाख की ठगी, एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल से आरोपी दबोचा

पेंशन अपडेट के नाम पर 10 लाख की ठगी, एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल से आरोपी दबोचा
देहरादून, संवाददाता। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेंशन अपडेट कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों ने देहरादून निवासी एक रिटायर्ड बैंक कर्मी को कॉल कर खुद को भारतीय स्टेट बैंक का अधिकारी बताया और पेंशन अपडेट कराने के बहाने उससे 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में साइबर थाना देहरादून में मुकदमा संख्या 26/2023 के तहत धारा 420, 120-बी भादवि एवं 66D आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई। विवेचना में सामने आया कि आरोपी जीतेन प्रजापति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित से HRMS की जानकारी हासिल की और उसे YONO (SBI) ऐप पर लॉगिन करने को कहा। इसके बाद पीड़ित के खाते से दो किश्तों में 10 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
जांच में यह भी पाया गया कि ठगी की रकम में से 5 लाख रुपये आरोपी के खाते में जमा हुए थे। इसके आधार पर एसटीएफ टीम ने पश्चिम बंगाल के बारानगर (उत्तरी 24 परगना) में दबिश देकर आरोपी जीतेन प्रजापति (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसे विधिक कार्रवाई के बाद उत्तराखण्ड लाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
बरामदगी:
पुलिस ने आरोपी के पास से बैंक खाता खोलने में प्रयुक्त मोबाइल नंबर से संबंधित साक्ष्य बरामद किए हैं।
टीम में शामिल अधिकारी:
कार्रवाई में निरीक्षक त्रिभुवन रौतेला, अपर उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक सुमेर सिंह तथा एसटीएफ की तकनीकी टीम शामिल रही।
एसटीएफ की अपील:
एसएसपी अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि अंजान नंबरों से आने वाली कॉल या वीडियो कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी फर्जी निवेश योजना या धन दोगुना करने के लालच में न आएं और गूगल से मिले कस्टमर केयर नंबरों पर सीधे कॉल करने से बचें।

To Top