उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(पंतनगर) छात्र बाजार का राज्यपाल ने किया भव्य शुभारंभ, वैल्यू एडेड उत्पादों ने खींचा ध्यान

छात्र बाजार का भव्य शुभारंभ, वैल्यू एडेड उत्पादों ने खींचा ध्यान
पंतनगर, संवाददाता। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के यूनिवर्सिटी सेंटर में छात्र बाजार (स्टूडेंट मार्केट) का भव्य शुभारंभ उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान, निदेशक अनुसंधान डॉ. एस.के. वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के छात्र बाजार विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता और नवाचार की सराहना की।
कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि छात्र बाजार के माध्यम से उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
निदेशक अनुसंधान डॉ. एस.के. वर्मा ने कहा कि वैल्यू एडेड उत्पाद कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और नवाचार आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है।
इस दौरान छात्र बाजार में विश्वविद्यालय द्वारा तैयार विभिन्न वैल्यू एडेड उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इनमें आइसक्रीम, पनीर, दही, खोया, भैंस का घी, कुल्फी, मंडुआ लस्सी जैसे डेयरी उत्पादों के साथ-साथ मांस एवं चिकन से जुड़े उत्पाद और अन्य वैल्यू एडेड आइटम शामिल रहे, जिन्होंने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

To Top