देहरादून-: उत्तराखंड में पिछले 27 नवंबर के बाद लगातार मौसम शुष्क बना हुआ है और अभी भी 15 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है लेकिन सुबह और शाम को तापमान गिरने से ठंड में निरतंर इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग ने उच्च निम्न होते तापमान को देखते हुए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्कता बरतने की भी अपील की है हालांकि आगामी एक सप्ताह तक भी बारिश के कोई आसार नहीं है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटे सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया कि तापमान में उच्च दिनचर परिवर्तन सर्दी और फ्लू के प्रसार के लिए अनुकूल है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखा जाए। मौसम विभाग ने 15 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि, 11 दिसंबर से लेकर 13 दिसंबर तक उधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाने की भी संभावना व्यक्त की है । मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह के अनुसार 11 दिसंबर को राज्य के मैदानी क्षेत्र में तापमान में उच्च परिवर्तन होने की संभावना है जिसके चलते बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की भी अपील मौसम विभाग ने की है।
शनिवार 10 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे देहरादून का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहने की संभावना है। 12 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री हो सकताहै। इसके बाद 12 और 13 दिसंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 24 डिग्री हो सकता है। 14 दिसंबर को तापमान गिरकर अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रह सकता है। यानि कि इस दिन ज्यादा सर्दी महसूस होगी। इसके बाद 15 से 17 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक रह सकता है।
