कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कुष्ठ आश्रम में मनाया जन्मदिन, मिठाई व वस्त्र बांटे – चेहरे खिले
हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव श्री दीपक रावत ने बुधवार को अपना जन्मदिन बेहद अनोखे अंदाज में मनाकर सबका दिल जीत लिया। उन्होंने शहर की भीड़-भाड़ और औपचारिकताओं से दूर जाकर बरेली रोड, मोतीनगर हाथीखाल स्थित कुष्ठ आश्रम के निवासियों के बीच पहुंचकर मिठाइयाँ खिलाईं और वस्त्र वितरित किए।
आयुक्त के साथ जन्मदिन की इस सादगी भरी खुशी को पाकर आश्रम में रह रहे 23 महिलाएं, 9 पुरुष और दर्जनों बच्चे खुशी से झूम उठे। बच्चों के चेहरों की मुस्कान और बुजुर्गों की आँखों की चमक ने इस अवसर को और भी खास बना दिया।
आयुक्त ने सुनी समस्याएं, दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
संवाद के दौरान निवासियों ने आश्रम भवनों की मरम्मत, सुविधाओं के विस्तार और इलाज संबंधी समस्याएं सामने रखीं। इसी बीच जब एक व्यक्ति ने आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग रखी, तो आयुक्त ने मौके पर ही सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा – “कार्ड तुरंत बनाया जाए, किसी को भी परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि आश्रम में रहने वाले सभी लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है।
“किसी भी कठिनाई को नहीं होने देंगे” – दीपक रावत
आयुक्त ने आश्वस्त किया कि आश्रमवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि किसी को भी कठिनाई न हो।
इस अवसर पर तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
आश्रमवासियों ने भी दिल से आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए कहा – “आज आपने यह दिन हमारे साथ बाँटा, यह हमारे लिए किसी त्यौहार से कम नहीं।”




