उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में दो दिवसीय ऑरेंज अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी।।

उत्तराखंड में 7-8 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट, बिजली-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा
देहरादून। भारतीय मौसम विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 7 और 8 अप्रैल को उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान मौसम अचानक बिगड़ सकता है और कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाएं और ओलावृष्टि की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 6 से 9 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। 7 और 8 अप्रैल को इन गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं, जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने चेताया है कि कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। झोंकेदार हवाओं के कारण कच्चे और असुरक्षित मकानों को हल्का नुकसान पहुंच सकता है। वहीं ओलावृष्टि से बागवानी, वृक्षारोपण और खड़ी फसलों को क्षति होने की आशंका है।
इसके अलावा खुले स्थानों पर मौजूद लोगों और मवेशियों को चोट लगने का खतरा भी बना रहेगा, जबकि खुले में खड़े वाहनों को भी ओलों से नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली गिरने के समय पेड़ों या ऊंचे स्थानों के नीचे खड़े न हों। किसानों और पशुपालकों को भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

To Top