Uttarakhand City news नैनीताल
नैनीताल की बेटी वैष्णवी बिष्ट का राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयन
नैनीताल। नगर की मेधावी एथलीट वैष्णवी बिष्ट ने हरिद्वार के वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई चयन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए जगह बनाई। अंडर-17 वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही वैष्णवी ने 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ों में निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। अब वे 29 अगस्त से 1 सितंबर तक ग्वालियर में होने वाली 14वीं जूनियर राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मल्लीताल निवासी बिजनसमैन संजय बिष्ट व शिक्षिका अनुभा बिष्ट की पुत्री वैष्णवी मोहनलाल शाह बाल विद्या मंदिर, नैनीताल की कक्षा 10 की छात्रा हैं। खेलों के प्रति उनकी प्रेरणा दादाजी सुरेंद्र सिंह बिष्ट से मिली, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी और सेना में कोच रह चुके हैं।
कोच निखिल आर्य ने कहा कि वैष्णवी की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही उनकी असली ताकत है। विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
अब सबकी नज़रें इस उभरती खिलाड़ी पर हैं कि ग्वालियर में वे स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करें।




