देहरादून: उत्तराखंड में वर्षा का क्रम तेज होने लगा है। रविवार को भी सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर से लेकर शाम तक राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई।मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल समेत पांच जिलों में आज भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मानसून की दस्तक के बाद से प्रदेश में गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक वर्षा का क्रम बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आज से कहीं-कहीं वर्षा का क्रम तेज हो सकता है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में हल्की वर्षा के आसार हैैं।

उधर मौसम विभाग के अलर्ट के बाद नैनीताल के अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने जानकारी देते हुये अवगत कराया कि मौसम विभाग, देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार उत्तराखण्ड के कुछ स्थानों में 05 व 06 जुलाई तक वर्षा का वाच/आरेन्ज अलर्ट एवं दिनांक 07 व 08 जुलाई तक अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से सम्भावित क्षति एवं मार्ग बाधित होने, संवेदनशील ग्रामों एवं क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं आदि से तत्परता से निपटने हेतु जनपद के समस्त सम्बन्धित अधिकारी अलर्ट पर रहेंगे तथा क्षेत्र में तैनात अधीनस्थ समस्त कार्मिकों /संसाधनों को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं।
श्री जोशी ने कहा कि जनपद में पेंड़ो के गिरने से यातायात बाधित होने के दृष्टिगत पेड़ों के त्वरित निस्तारण के साथ सतर्कता बनाये रखने हेतु अलर्ट पर रहेंगे। उन्होंने कि वर्षा के उपरान्त बैराज/नदियों /नालों में तेज जलप्रवाह के दृष्टिगत संवदेनशील स्थानों पर टीमें तैनात की जाये। लोक निर्माण विभाग के समस्त खण्डों द्वारा भूस्खलन से संवेदनशील मार्गाे/स्थानों पर उक्त अवधि में जेसीबी मशीनों एवं गैंग कार्मिकों की तैनाती 24 घण्टे सुनिश्चित की जाये। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये है कि समस्त जिला,परगना, विकासखण्ड एवं सम्बन्धित क्षेत्र के अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय पर बने रहेंगे साथ ही अधिकारी/कर्मचारी अपने मोबाईल फोन ऑन रखेंगे तथा प्रत्येक घण्टे की आपदा सम्बन्धी सूचना तहसील कन्ट्रोल रूम एवं जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को 05942-231178/231179 तथा टोल फ्री नम्बर 1077 पर आवश्यक रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।




