पिथौरागढ़
मानसखंड मंदिर माला मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
पाताल भुवनेश्वर व हाट कालिका में कार्यों में तेजी के निर्देश, एएसआई सहित विभागों को समन्वय से कार्य करने को कहा
जनपद पिथौरागढ़ में मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत संचालित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत किए जा रहे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों—पाताल भुवनेश्वर एवं हाट कालिका—में संचालित सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने पाताल भुवनेश्वर एवं हाट कालिका मंदिर क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित स्थलों पर तत्काल टीम भेजकर कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मंदिर परिसरों के आसपास स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पथ-मार्ग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास किया जाए, जिससे क्षेत्र का समग्र पर्यटन विकास हो सके और स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को एक सुव्यवस्थित और आकर्षक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा रहा है। अतः सभी संबंधित विभाग, विशेषकर एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण), आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें।
बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री राजकुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री दिनेश गुप्ता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य, सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीसी से उपस्थित रहे।




