देहरादून, 4 अप्रैल 2026।
उत्तराखण्ड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की क्षेत्र में छापेमारी कर गैस सिलेंडरों की जमाखोरी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने साउथ सिविल लाइंस इलाके से अवैध रूप से जमा किए गए 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि गैस की कमी का फायदा उठाकर जमाखोर घरेलू सिलेंडरों को इकट्ठा कर होटल और ढाबा संचालकों को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। इसी सूचना पर एसटीएफ टीम ने मौके पर दबिश दी और एक ही स्थान से भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए।
बताया गया कि बरामद अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के हैं। मौके पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को भी बुलाया गया, जिसने जांच शुरू कर दी है। सभी सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर पुत्र करण सिंह द्वारा इन सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वह मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी समेत एसटीएफ की टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।




