परिवहन विभाग पिथौरागढ़ द्वारा अवैध रूप से संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सख्त कार्यवाही
सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु परिवहन विभाग द्वारा जनपद पिथौरागढ़ में अवैध रूप से संचालित बाहरी राज्यों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान एआरटीओ (प्रवर्तन) श्री शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। जांच में पाया गया कि कृषि कार्य हेतु पंजीकृत ट्रैक्टरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे थे, जबकि कुछ मामलों में चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तक उपलब्ध नहीं था। इसके अतिरिक्त, कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे थे, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी अत्यंत खतरनाक है।
कार्रवाई के दौरान बीते सप्ताह में कुल 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया गया। साथ ही, विभिन्न धाराओं के तहत प्रत्येक वाहन पर लगभग ₹40,000 तक का जुर्माना लगाया गया। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस प्रकार की लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन श्री शिवांश कांडपाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें, अन्यथा नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में प्रवर्तन दल के सदस्य सीमा राणा, बलदेव, बहादुर एवं महेंद्र साथ रहे।




