उत्तराखण्ड

बड़ी खबर(लालकुआं) फिर होंने लगी कार से बेशकीमती लकड़ी की तस्करी ।।

अवैध सागौन लकड़ी से भरी कार बरामद, दो आरोपी फरार
लालकुआं/किच्छा, 04 अप्रैल 2026।
शांतिपुरी-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन लकड़ी से भरी एक कार को कब्जे में लिया है। हालांकि मौके से दो आरोपी फरार होने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रातः करीब 06:00 बजे मुखबिर की सूचना पर गश्त कर रही वन विभाग की टीम ने एक संदिग्ध हुंडई सैंट्रो कार (UK06-Y-9147) का पीछा किया। वाहन में सवार आरोपी समीर उर्फ छम्मी (निवासी टीला बीट, गौला रेंज) एवं आकाश सिंह (निवासी साफ कटानी, लालकुआं) अवैध सागौन लकड़ी को किच्छा के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
वन विभाग की टीम ने कुछ दूरी पर कार को ओवरटेक कर रोक लिया और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी वाहन छोड़कर पास की झाड़ियों में भाग निकले।
वन विभाग ने मौके से कार सहित अवैध सागौन लकड़ी को कब्जे में लेकर उसे लालकुआं वन परिसर की डॉली रेंज में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

To Top