हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ है जिससे हर कोई इस स्तब्ध है हादसे में ढाई माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपनी मां की गोद से ऑटो में सफर के दौरान छिटककर सड़क पर गिर गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां सदमे से बेहोश हो गई, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के रावत नगर द्वितीय निवासी भारतीय सेना में तैनात विक्रम सिंह बिष्ट की पत्नी सुमन बिष्ट अपनी ढाई माह की बेटी गौरी को दिखाने के लिए हल्द्वानी अस्पताल जा रही थीं। सुबह करीब 10:30 बजे उनके ससुर उन्हें लालकुआं तक छोड़ने आए थे। बताया जा रहा है कि सुमन अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही भूल गई थीं।
दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास ऑटो से सफर कर रही थीं, तभी अचानक उनकी गोद से बच्ची छिटककर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद ऑटो चालक और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को उठाकर बृजलाल चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंचाया। इस दौरान सदमे के कारण महिला भी बेहोश हो गई।
अस्पताल में दोनों को भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान मासूम गौरी ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
सूत्रों के अनुसार बच्ची के पिता विक्रम सिंह बिष्ट भारतीय सेना में श्रीनगर में तैनात हैं। उन्हें फिलहाल सूचना दी गई है कि उनकी बच्ची आईसीयू में भर्ती है। सूचना मिलते ही वह श्रीनगर से घर के लिए रवाना हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि दंपति की एक और चार वर्षीय बेटी काव्या है, जो एक्स्पोनेंशियल स्कूल में एलकेजी की छात्रा है। वहीं बच्ची की मां सुमन बिष्ट का ब्रजलाल चिकित्सालय के आईसीयू में उपचार चल रहा है।




