हल्द्वानी: एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के कुशल नेतृत्व में मुखानी क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना में सत्यानंद कॉलोनी निवासी ललित सिंह के घर से जनवरी माह में नगदी व चांदी के जेवरात चोरी हुए थे। वहीं दूसरी घटना हरि शिव विहार, हिम्मतपुर मल्ला निवासी घनश्याम चंद्र के घर में नवंबर 2025 के दौरान हुई, जहां ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ली गई थी। दोनों मामलों में मुखानी थाने में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों घटनाओं में एक ही संदिग्ध की संलिप्तता पाई। इसके बाद लगातार दबिश, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर 3 अप्रैल 2026 को पुलिस ने गुसाईपुर तिराहे के पास से मुंशी राम उर्फ सोनू (41 वर्ष), निवासी बेहट, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी के आभूषण और नगदी बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तराखंड व हरियाणा में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य राज्यों में आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।




