चमोली के थराली में अतिवृष्टि का कहर, मलबे में दबकर एक किशोरी की मौत की आशंका
देहरादून, 23 अगस्त 2025।
शनिवार देर रात चमोली जिले के थराली तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि से हालात बिगड़ गए। टुनरी गदेरे में अचानक पानी बढ़ने से तहसील परिसर, चेपड़ो बाजार, कोटद्वीप बाजार और आसपास के कुछ घरों में 1 से 2 फीट तक मलबा घुस गया। कई वाहन भी मलबे में दब गए हैं।
अब थराली चमोली में बादल फटा
राजस्व उपनिरीक्षक थराली से मिली सूचना के अनुसार, ग्राम सगवाड़ा में एक मकान पर मलबा आने से एक लड़की दब गई। उसे निकालने का प्रयास प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस, सिविल पुलिस, डी.डी.आर.एफ. और फायर सर्विस मौके पर पहुंच गए। वहीं, एन.डी.आर.एफ. और एस.डी.आर.एफ. की टीमें भी घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।




