रामनगर में फर्जी सफारी बुकिंग गिरोह का भंडाफोड़, पर्यटकों से लाखों की ठगी
रामनगर (नैनीताल), 3 अप्रैल 2026। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के साथ धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें खुद को अधिकृत बुकिंग एजेंट बताकर लोगों से ठगी की जा रही थी। वन विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी फरमान अली उर्फ फरमान-नोशु निवासी शक्तिनगर, रामनगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पर्यटकों को निशाना बनाया।
बताया गया कि आरोपी फेसबुक आईडी Corbettvender, वेबसाइट और इंस्टाग्राम आईडी naija jungle safari के जरिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में रात्रि विश्राम और जंगल सफारी बुकिंग का झांसा देता था। पर्यटकों को भरोसे में लेकर वह अपने निजी बैंक खाते में ऑनलाइन एडवांस रकम जमा करवाता और बदले में फर्जी परमिट जारी कर देता था।
इस मामले में दिल्ली निवासी निखिल मेहरा ने कोतवाली रामनगर में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, पुणे (महाराष्ट्र) की हेमांगी विक्रांत वर्तक ने भी शिकायत दी कि उनसे 1.20 लाख रुपये के पैकेज में 20 हजार रुपये अग्रिम लिए गए, लेकिन मौके पर पहुंचने पर कोई वैध बुकिंग नहीं मिली।
वन विभाग के अनुसार, आरोपी की यह हरकतें प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी की श्रेणी में आती हैं, जिससे न केवल पर्यटकों को आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है, बल्कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की छवि भी प्रभावित हुई है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इको टूरिज्म यूनिट के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन आर्य की ओर से कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 338, 336(3) और 340(2) के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है




