देहरादून
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक बिक्रम सिंह के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा होने की आशंका है।
खासकर देहरादून, नैनीताल, टिहरी , पौड़ी, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के उपरांत राज्य के जनपदों में पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है जिलाधिकारियों द्वारा स्कूलों में छुट्टी घोषित करने के साथ ही समस्त विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
इसके दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट ने जनपद के शासकीय, अर्द्धशासकीय , निजी विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया।
मौसम विभाग, देहरादून से जारी तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई (बुधवार) को नैनीताल जनपदों में कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के साथ-साथ कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा होने की सम्भावना है।
मौसम विभाग की जारी चेतावनी को देखते हुये जिला मजिस्ट्रेट श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने 20 जुलाई (बुधवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं आंगनबाड़ी केन्द्र बंद रहेंगे तथा प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, समस्त शैक्षणिक एवं मिनिस्ट्रियल एवं अन्य कार्मिक निर्धारित समयानुसार अपने-अपने विद्यालयों, कार्यालयों में उपस्थित रहने के आदेश दिए है।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का अनुपालन न करने पर सम्बन्धित विद्यालय/ संस्थान के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।




