उत्तराखण्ड में तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार, अगले 48 घंटे अहम
देहरादून, 2 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड में मौसम फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में यह सामान्य से नीचे से सामान्य के बीच दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो मैदानी क्षेत्रों में यह सामान्य से थोड़ा अधिक और पहाड़ों में सामान्य स्तर पर बना रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान उधम सिंह नगर के पंतनगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नैनीताल के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 1 से 2 दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम में हल्की राहत महसूस होगी।
हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में हीट वेव को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बदलते तापमान के चलते लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।




