उत्तराखण्ड में बढ़ेगा तापमान, अगले कुछ दिनों में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार
देहरादून,
मौसम विभाग द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक से लेकर काफी अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी ऊपर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान मैदानी इलाकों में सामान्य तथा पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस मोहकमपुर (देहरादून) में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस मुक्तेश्वर (नैनीताल) में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 1-2 दिनों में प्रदेश के अनेक हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। वहीं अगले 4-5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है।




