देहरादून। मौसम विभाग द्वारा जारी तापमान पूर्वानुमान (05 फरवरी 2026, दोपहर 1 बजे) के अनुसार उत्तराखण्ड के मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस देहरादून के मोहकमपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस टिहरी गढ़वाल के रानीचौरी में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 से 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। साथ ही राज्य में फिलहाल शीतलहर (Cold Wave) और शीत दिवस (Cold Day) को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन पर किसी विशेष प्रतिकूल प्रभाव की आशंका नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जनपदों में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। दिन के समय तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि न्यूनतम तापमान अभी सामान्य बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 फरवरी को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 9 और 10 फरवरी को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चटक धूप के चलते पहाड़ों में जहां लोगों को ठंड से राहत मिल रही है वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।




