उत्तराखंड में तापमान सामान्य, अगले 2-3 दिन राहत के आसार
देहरादून,। उत्तराखंड में मौसम फिलहाल संतुलित बना हुआ है। जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे से सामान्य के बीच रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी नीचे से सामान्य के बीच दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो मैदानी क्षेत्रों में यह सामान्य से ऊपर से काफी ऊपर रहा, जबकि पहाड़ों में सामान्य से थोड़ा ऊपर दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस पंतनगर (उधम सिंह नगर) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस टिहरी में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी। अच्छी बात यह है कि प्रदेश में कहीं भी हीट वेव (लू) की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। प्रमुख स्थानों में जानकी चट्टी में 22 मिमी, पुरोला में 16 मिमी, मुनस्यारी में 8.4 मिमी और मसूरी में 6.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हर्षिल, यमकेश्वर, मोरी और राजगढ़ी समेत कई स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है, जिससे तापमान में स्थिरता बनी रहेगी और लोगों को तेज गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा।




