उत्तराखण्ड

मौसम अपडेट(देहरादून) भारी बरसात और हिमपात चार जनपद हाई अलर्ट पर ।।

उत्तरकाशी समेत चार जिलों में बर्फबारी-हिमस्खलन का अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर
उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून के निर्देशों के क्रम में Defence Geoinformatics Research Establishment (DGRE), चंडीगढ़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी 2026 सायं 5 बजे से 29 जनवरी 2026 सायं 5 बजे तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग एवं पिथौरागढ़ जनपदों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन की संभावना जताई गई है। इन जिलों को डेंजर लेवल-3 की श्रेणी में रखा गया है।
इस चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी उत्तरकाशी द्वारा समस्त आईआरएस नामित अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, पुलिस, सीमा सड़क संगठन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत व पेयजल विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अधिक बर्फ पड़ने की स्थिति में हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में अनावश्यक आवागमन से बचा जाए।
प्रशासन ने बर्फीले क्षेत्रों में केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही यात्रा करने, घरों, गौशालाओं एवं अस्थायी आवासों की छतों से बर्फ हटाते रहने तथा पुराने हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिक बर्फ वाले क्षेत्रों में अस्थायी रूप से रह रहे लोगों को एक-दो दिन के लिए निचले इलाकों में जाने की सलाह दी गई है।
सीमा सड़क संगठन एवं लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मार्गों पर मशीनरी व मजदूरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राड़ी टॉप, चौरंगी, सुक्की, हर्षिल, गंगोत्री, स्यानाचट्टी, जानकीचट्टी जैसे बर्फ प्रभावित क्षेत्रों में चूना-नमक डालने, मजदूर व मशीनरी तैनात करने तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात नियंत्रित करने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, खोज-बचाव दल एवं क्यूआरटी को पूरी तरह से तैयार रहने को कहा गया है। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र के कंट्रोल रूम नंबरों पर तत्काल सूचना देने के निर्देश हैं।
ठंड को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था, बेसहारा व बेघर लोगों के लिए रैन बसेरों की सुविधा तथा शीतलहर से किसी भी प्रकार की जनहानि न होने देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। वहीं, पर्यटकों व तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह देते हुए ऊँचाई वाले क्षेत्रों में ट्रेकिंग व आवागमन पर रोक लगाने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असामान्य मौसम की इस चेतावनी के दौरान सभी नामित अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Ad Ad
To Top