उत्तराखंड में जल्द बदलने वाला है मौसम का मिजाज, बरसात और बर्फबारी के बाद बढ़ेगी ठंड
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम इन दिनों ‘दिन में राहत, रात में आफत’ जैसा बना हुआ है। जहां दिन में चटख धूप से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, वहीं रात होते ही तापमान में भारी गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज और सोमवार तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मंगलवार से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिसंबर की शुरुआत के साथ राज्य में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने की संभावना जताई गई है।
5 दिसंबर को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए सूचना दी है कि 5 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड और गलन में भारी बढ़ोतरी होगी।
दिन में धूप, रात में कड़ाके की ठंड
- मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2–3°C नीचे
- देहरादून – अधिकतम 25.3°C, न्यूनतम 8.7°C
- पंतनगर – अधिकतम 27.2°C, न्यूनतम 5.3°C
- मुक्तेश्वर – अधिकतम 20.2°C, न्यूनतम 4.8°C
- नई टिहरी – अधिकतम 19.0°C, न्यूनतम 6.2°C
मौसम वैज्ञानिकों ने चेताया है कि दिन और रात के तापमान में बड़े अंतर को देखते हुए लोग सुबह-शाम गर्म कपड़े अवश्य पहनें और ठंडी हवाओं से बचें। शीतलहर के आसार भी बन रहे हैं, जिससे राज्य में ठिठुरन अपने चरम पर पहुंच सकती है।
अलर्ट
➡ आज और सोमवार – मौसम रहेगा शुष्क
➡ 3 दिसंबर से – तापमान में गिरावट शुरू
➡ 5 दिसंबर – पहाड़ों में बारिश व बर्फबारी की संभावना
➡ इसके बाद – ठंड पड़ेगी बेहद कड़ाके की




