उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन का येलो अलर्ट जारी, प्रशासन ने बरती सतर्कता की अपील
देहरादून, 8 अप्रैल।
उच्च हिमालयी जनपदों में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 08 अप्रैल 2026 शाम 5:30 बजे से 09 अप्रैल 2026 शाम 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जनपदों के 3100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका जताई गई है। हालांकि खतरे का स्तर कम बताया गया है, फिर भी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
विशेष रूप से गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जोशीमठ, चोपता, मुनस्यारी और डीडीहाट सहित आसपास के इलाकों में सतर्क रहने को कहा गया है। इन क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम और वर्षा की संभावना को देखते हुए जोखिम बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने24 घंटे के तात्कालिक पूर्वानुमान में भी बारिश और मौसम में तेजी से बदलाव की चेतावनी दी है। विभाग ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।




