द
लालकुआं। होली के दिन बिंदुखत्ता क्षेत्र में दुकान खोलने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक युवक का अंगूठा कट गया, जबकि कई अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। एक महिला ने भी अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित बिंदुखत्ता निवासी प्रेम प्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन वह अपने चाचा के घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और जबरन दुकान खोलने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे उनके जमाई सागर आर्य पर भी हमला किया गया, जिससे उनका अंगूठा कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है और मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित ढंग से आए थे और घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने बिंदुखत्ता काररोड क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी पर चिंता जताते हुए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।




