Uttrakhand city news देहरादून
राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा 15 मार्च को, 110 केंद्रों पर होगी परीक्षा
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् द्वारा प्रदेश के राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा 15 मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परिषद के सचिव वी.पी. सिमल्टी ने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश हेतु मुख्य प्रवेश परीक्षा तथा कक्षा 7, 8, 9 और 11 में प्रवेश के लिए पार्श्व प्रवेश परीक्षा प्रदेश के सभी विकासखण्डों में बनाए गए 110 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 6, 7 और 8 की परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, जबकि कक्षा 9 और 11 की परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परिषद के अनुसार कक्षा 6 के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2026 को 9 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए, अर्थात जन्म तिथि 1 अप्रैल 2013 से 31 मार्च 2017 के बीच हो। कक्षा 7 और 8 के लिए आयु 11 से 14 वर्ष (1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2015 के बीच जन्म) तथा कक्षा 9 के लिए आयु 14 से 16 वर्ष (1 अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2012 के बीच जन्म) निर्धारित की गई है। वहीं कक्षा 11 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु 16 से 18 वर्ष के बीच (1 अप्रैल 2008 से 31 मार्च 2010 के बीच जन्म) होनी आवश्यक है।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से वितरित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 15 मार्च को सुबह 10:00 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ पहुंचना सुनिश्चित करें।




