होली के दिन उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा, कैंपर खाई में गिरी; दो गंभीर घायल
उत्तरकाशी। जनपद में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। होली के दिन शुक्रवार को तहसील मोरी क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैटवाड़–दौणी ग्रामीण मोटर मार्ग पर ग्राट नामे तोक के पास एक बुलेरो कैंपर (वाहन संख्या एचपी-10-3143) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र, उत्तरकाशी के अनुसार घटना 04 मार्च 2026 को लगभग अपरान्ह 12:30 बजे की है। वाहन नैटवाड़ से धौली की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कैंपर खाई में गिर गई। वाहन में दो लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व 108 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने दोनों घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुरोला रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान सचिन रावत (22 वर्ष) पुत्र सूरवीर सिंह तथा करणवीर रावत (30 वर्ष) पुत्र कुन्दन सिंह, निवासी ग्राम नैटवाड़, तहसील मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।




