उत्तराखण्ड

दुखद (उत्तराखंड) कार ने मारी बाइक में टक्कर,दो की मौत ।।

रामनगर। रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। यह हादसा चोई गांव के पास हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र के ग्राम खर्मासा निवासी 19 वर्षीय रोशन प्रीत और 19 वर्षीय जतियान दीप मोटरसाइकिल से हल्द्वानी जा रहे थे। दोनों युवक कुंडेश्वरी क्षेत्र में स्कूल वैन चलाने का काम करते थे और वाहन के पार्ट्स खरीदने के लिए निकले थे।
जैसे ही वे चोई गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक टेंपो से जा टकराई।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टेंपो चालक मोहम्मद असलम, निवासी गुलरघट्टी (रामनगर) भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल रामनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रोशन प्रीत और जतियान दीप को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके।

Ad
To Top