Uttarakhand city news उत्तराखंड में सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं ताजी घटना शुक्रवार की है जहां एक वाहन के खाई में गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है।
कपकोट में बोलेरो खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, पांच घायल
बागेश्वर। जनपद के कपकोट क्षेत्र के रिखाड़ी–पतियासार मार्ग पर शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एसडीआरएफ और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन संख्या UK02TA-3078 रिखाड़ी–पतियासार मार्ग पर अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। दुर्घटना में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट कपकोट की टीम मुख्य आरक्षी दिनेश पुरी के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई। टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और जिला पुलिस की मदद से घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया था।
इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई और मृतकों के शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। बाद में दोनों शवों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




